सीलैंट्स क्या होते हैं?

सीलैंट आपके दांतों को सड़न से रक्षा करने का सुरक्षित और दर्दरहित तरीका है। सीलैंट एक सुरक्षात्मक प्लास्टिक कलई है, जो कि पिछले दांतों की काटने वाली सतहों पर लगाई जाती है। सीलैंट एक सख्त कवच का निर्माण करते हैं जो कि खाद्य पदार्थों के कतरों और जीवाणु को छोटे-छोटे खांचों में जाने से रोकते हैं।

किन दांतों को सील किया जाना चाहिए?

सीलैंट्स को केवल पिछले दांतों -दाढ़ और पूर्व दाढ़- पर लगाया जाता है। ये वे दांत होते हैं जिनमें उनकी काटने वाली सतहों पर ‘गड्ढे’ (छोटे छेद) और ‘दरार’ (खांचे) होते हैं। आपकी दंत टीम दांतों का परीक्षण करने के बाद आपको यह बताएगी कि किस दांत को सील किया जाना चाहिए और इस बात की जांच करेगी कि क्या खांचे सीलिंग के लिए पर्याप्त गहरे हैं, ताकि ऐसा करने से मदद मिल सके। कुछ दांतों में कुदरती तौर पर दरारें होती हैं, जिन्हें कि सील करने की जरूरत पड़ेगी; अन्य दांतों में उथली दरारें होती हैं, जिन्हें कि सीलिंग की जरूरत नहीं होती।

इसमें क्या किया जाता है?

यह प्रक्रिया प्रायः त्वरित और सीधी होती है और इसमें प्रत्येक दांत के लिए केवल कुछ मिनटों का समय लगता है। दांत को पूरी तरह से साफ किया जाता है, विशेष घोल के साथ तैयार किया जाता है और सुखाया जाता है। इसके बाद तरल सीलैंट को लगाया जाता है और उसे सख्त होने दिया जाता है - प्रायः उस पर चमकदार रोशनी डालकर।

क्या मैं इसे महसूस करूंगा?

नहीं, यह पूरी तरह से दर्दरहित होता है, और दांत इसके बाद कोई अंतर नहीं महसूस करते।

गड्ढे और दरार के सीलैंट्स कितने समय तक बने रहते हैं?

सीलैंट्स प्रायः कई वर्षों तक बने रहते हैं लेकिन आपकी दंत टीम यह सुनिश्चित करने के लिए नियमित रूप से उनकी जांच करना चाहेगी कि सील अभी भी अक्षुण्ण है। समय के साथ वे घिस सकते हैं और कई बार दंत टीम को कुछ सीलैंट को जोड़ने या रिप्लेस करने की जरूरत होती है, यह सुनिश्चित करने के लिए कि इसके नीचे किसी तरह की सड़न शुरू न हो।

गड्ढे और दरार के सीलैंट्स किस प्रकार से काम करते हैं?

सीलैंट दांतों की सतह में समस्त छोटी-छोटी दरारों और कटावों को ढंककर एक चिकने, सुरक्षात्मक अवरोधक का निर्माण करते हैं। इन दरारों को अगर सील नहीं किया जाता है तो इनमें दांतों की सड़न आसानी से शुरू हो जाती है।

इस काम को कब किया जाना चाहिए?

सीलैंट्स को अक्सर उसी समय लगाया जाता है जब पहले स्थायी दांत निकलना शुरू होते हैं। ऐसा प्रायः 6 और 7 वर्ष की आयु के बीच होता है। शेष दांतों को प्रायः उस समय सील किया जाता है जबकि वे प्रकट होते हैं, जो कि 11 और 14 वर्ष की उम्र के बीच कभी भी हो सकता है।

क्या मुझे इसके बाद भी अपने दांतों को साफ करने की जरूरत पड़ेगी?

हां। ऐसा करना फिर भी आवश्यक है। सामान्य ब्रश से चिकनी, सील की हुई सतह को अब बहुत आसानी से साफ और स्वस्थ रखा जा सकता है। रात में सोते समय और दिन के दौरान कम से कम एक बार फ्लोराइड दंतमंजन का उपयोग करने से आपके दांतों को सुरक्षित बनाये रखने में मदद मिलेगी। गड्ढे और दरार की सीलिंग दांतों की सड़न और संभावित फिलिंग्स की संख्या को कम कर सकती है।

उपचार के बारे में मुझे किससे पूछना चाहिए?

अगर आप उपचार के बारे में अधिक जानना चाहते हैं तो अपनी दंत टीम से बात करें। वे आपको बताएंगी कि क्या दरार को भरने से आपके दांतों को मदद मिल सकती है, और क्या ऐसा करने के लिए यह ठीक समय है।