चटके हुए दांत किसे कहते हैं?

चटका हुआ दांत वह होता है जो कि टूट गया हो।

क्या सभी दांत एक ही तरह से चटकते हैं?

नहीं। दांत तमाम विभिन्न तरीकों से चटक सकते हैं:

  • दरार युक्त दांतः ऐसा तब होता है जब दांत की काटने वाली सतह से दरार जड़ की ओर नीचे चली जाती है। कई बार यह मसूड़े की रेखा के नीचे जड़ में चली जाती है। दांत दो हिस्सों में नहीं टूटता लेकिन दांत का मुलायम, आंतरिक ऊतक प्रायः क्षतिग्रस्त हो जाता है।
  • रेखाएं युक्त दांत: ये वे छोटी-छोटी दरारें होती हैं, जो कि केवल दांत की ऊपरी परत को प्रभावित करती हैं। वे समस्त वयस्क दांतों में आम होती हैं और किसी तरह का दर्द नहीं उत्पन्न करतीं। इन रेखाओं के लिए किसी उपचार की जरूरत नहीं पड़ती।
  • चटके सिरे वाला दांत: सिरा दांत की काटने वाली सतह का नुकीला हिस्सा होता है। सिरा अगर क्षतिग्रस्त हो जाता है तो दांत टूट सकता है। आपको काटते समय उस दांत में प्रायः तीखा दर्द होगा।
  • फटा हुआ दांत: यह प्रायः अनुपचारित चटके हुए दांतों का परिणाम होता है। दांत दो हिस्सों में टूट जाता है। जड़ की ऊर्ध्वाधर (लंबवत) टूटफूट वे दरारें होती हैं जो कि जड़ में शुरू होती हैं और काटने वाली सतह की ओर ऊपर चली जाती हैं।

दांतों में दरारें क्यों पड़ती हैं?

अनेक कारणों के चलते दांतों में दरार पड़ती हैं, जैसे किः

  • दांत को अत्यधिक पीसना, जो कि दांतों पर जबर्दस्त दबाव डाल सकता है
  • ऐसी बड़ी फिलिंग्स जो कि दांत को कमजोर कर देती है
  • किसी कड़ी चीज को चबाना या उसे काटनाः उदाहरण के लिए बर्फ, लेमनचूस, फलों की गुठली या मांस की हड्डियां
  • ठुड्डी या निचले जबड़े पर प्रहार
  • मसूड़े की बीमारी, अगर हड्डी गल हो तो दांतों की जड़ें को ग्रस्त होने की आशंका बढ़ जाती है
  • मुंह के तापमान में एकाएक परिवर्तन।

मैं कैसे बता सकता हूँ कि मेरा दांत चटका हुआ है?

इसके संकेतों का पता लगाना मुश्किल हो सकता है और लक्षण अलग-अलग होंगे। आपको चबाते वक्त समय-समय पर दर्द हो सकता है, खासकर उस समय जबकि आप काटने वाले दबाव को छोड़ते हैं। अत्यधिक तापमानों, विशेष रूप से ठंड से, बेचैनी हो सकती है। अथवा आप मिठास के प्रति संवेदनशील हो सकते हैं, लेकिन क्षरण को कोई चिह्न नहीं होता है। प्रभावित दांत के निकट मसूड़े के एक छोटे से हिस्से में सूजन आ सकती है।

दर्द अगर तीव्र हो तो दर्दनाशक गोली ले लें, जैसे कि आप सिरदर्द के लिए आमतौर पर लेते हैं। अगर आप कोई दूसरी दवाई ले रहे हैं तो हमेशा अपने डॉक्टर या फार्मासिस्ट से पूछें।

दरारें दांतों के एक्सरे में क्यों नहीं दिखायी पड़तीं?

बदकिस्मती से, दांतों के एक्सरे कई बार चटके हुए दांतों को नहीं दर्शाते हैं। ऐसा इसलिए होता है कि एक्सरे किरण-पुंज को दरार के समानांतर होना चाहिए, तभी वह उसमें समा पाएगी।

फिर भी, दरार के दूसरे चिह्न दिखाई पड़ सकते हैं। जड़ की ऊर्ध्वाधर टूट-फूट के साथ दरार अगर वहां पर काफी लंबे समय से होती है तो जड़ के निकट हड्डी की ऊर्ध्वाधर हानि दिखाई पड़ सकती है। आपका दंत चिकित्सक दरार का पता लगाने के लिए तेज रोशनी या आवर्धक लेन्स का उपयोग कर सकता है। इसके अलावा वे दरार के पथ का अनुसरण करने के लिए एक विशेष डाई का भी उपयोग कर सकते हैं।

क्या मुझे उपचार करवाने की जरूरत पड़ेगी?

हां। उपचार को ज्यादा प्रभावी बनाने के लिए यथाशीघ्र सलाह प्राप्त करना जरूरी है। अगर उनका उपचार नहीं किया जाता है तो चटके हुए दांत तंत्रिका की मृत्यु का कारण बन सकते हैं और घाव उत्पन्न हो सकता है। दांत को रूट कैनाल उपचार या यहां तक कि उखाड़ने की जरूरत पड़ सकती है। गंभीर मामलों में दांत वास्तव में दो हिस्सों में टूट सकता है। अगर ऐसा होता है तो आपका दंत चिकित्सक दांत को नहीं बचा सकेगा और उसे उखाड़ना जरूरी हो जाएगा।

क्या मैं अपना दांत गवां बैठूंगा?

कुछ मामलों में दांत को उखाड़ने की जरूरत पड़ सकती है, लेकिन हमेशा ऐसा नहीं होता। इसलिए यथाशीघ्र सलाह प्राप्त करना आवश्यक है।

चटके हुए दांतों को किस प्रकार ठीक किया जाता है?

उपचार का प्रकार दांत को पहुंची क्षति की मात्रा पर निर्भर करता है। आपके लिए सर्वश्रेष्ठ उपचार कौन सा है, इसके बारे में अपनी दंत टीम से पूछें:

  • जुड़ाई: इसमें दरार को भरने के लिए प्लास्टिक रेज़िन का उपयोग किया जाता है। यह दांत के काटने वाले किनारे की छोटी-मोटी टूट-फूट की आसानी से मरम्मत कर सकता है। जुड़ाई दांत की आकृति को बहाल कर सकती है।
  • सुंदरता बढ़ाने वाली कॉन्टूरिंग: इस काम को तब किया जाता है जब दरार बहुत छोटी होती है। दांत के खुरदरे किनारों को दरार के रंग में मिलाने के लिए गोलाकार बनाया जाता है और उन्हें चमकाया जाता है।
  • सजावटी परतें: ये उस दशा में सर्वोत्तम होती हैं जबकि दांत की अच्छी-खासी मात्रा अभी भी बची रहती है, क्योंकि वे लंबे समय तक बनी रहती हैं और इनके लिए दांत की कम से कम मात्रा को पहले निकालने की जरूरत पड़ती है। सजावटी परत दांत की सामने वाली सतह के ऊपर फिट आने के लिए बनी चीनी मिट्टी या प्लास्टिक की सामग्री की पतली परत होती है। और अधिक जानकारी के लिए हमारी पुस्तिका ‘मुझे सजावटी परतों के बारे में बतायें' को देखें।
  • क्राउन्सः इनका उपयोग ऐसे दांतों के लिए किया जाता है जो कि सजावटी परत के लिए उपयुक्त नहीं हैं। दांत के शेष बचे भाग के ऊपर क्राउन फिट होता है, यह इसे मजबूत बनाता है और इसे कुदरती दांत की दिखावट प्रदान करता है। तंत्रिका अगर क्षतिग्रस्त और संक्रमित हो जाती है तो पहले आपको रूट कैनाल उपचार करवाने की जरूरत पड़ सकती है। इससे रूट कैनाल से समस्त संक्रमण को हटाना जुड़ा होता है। इसके बाद रूट को साफ किया जाता है और भरा जाता है, जिससे कि आगे के किन्हीं संक्रमणों की रोकथाम की जा सके। इसके बाद दांत को क्राउन के साथ फिट जाएगा, जिससे उसे अतिरिक्त सहारा मिल सके। और अधिक जानकारी के लिए हमारी पुस्तिका ‘मुझे क्राउन्स के बारे में बतायें' को देखें।

चटके हुए दांत के उपचार के बाद क्या मेरे दांत का घाव पूरी तरह से भर जाएगा?

टूटी हुई हड्डियों के विपरीत दांत की दरार कभी भी पूरी तरह से नहीं भरेगी। उपचार के बाद, दरार बदतर स्थिति में पहुंच सकती है और आप फिर भी दांत को गँवां सकते हैं। यह आवश्यक है कि आप उपचार प्राप्त करें क्योंकि अधिकतर चटके हुए दांत उपचार के बाद वर्षों तक सामान्य रूप से काम कर सकते हैं। आपकी दंत टीम आपकी समस्या विशेष के बारे में आपको और अधिक जानकारी प्रदान करेगी और उपचार की अनुशंसा करेगी।

क्या मैं अपने दांतों को चटकने से रोक सकता हूँ?

पूर्ण रूप से नहीं, लेकिन ऐसी कुछ सावधानियां हैं, जिन्हें आप बरत सकते हैं:

  • माउथगार्ड पहने: अगर रात को आप अपने दांतों को पीसते हैं तो अपने दांतों की सुरक्षा के लिए नाइट-गार्ड बनवाएं। अगर आप खेल खेलते हैं तो विशेष रूप से आपके लिए बने माउथगार्ड को पहनें।
  • कड़ी चीजों को काटने या चबाने से बचें।

मेरे उपचार पर कितना खर्च आएगा?

आपको किस उपचार की जरूरत है, इसके आधार पर खर्च अलग-अलग होगा। अगर जटिलताएं पाई गयीं और आपको अधिक उपचार की जरूरत पड़ी तो अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ सकता है। उपचार शुरू करने से पहले उपचार योजना और खर्च का लिखित अनुमान अपनी दंत टीम से प्राप्त करें।