दंत्य अधिधारण यानि

आपके जबड़े जब एक साथ काटते हैं, तो आपके दांतों के मिलने के तरीके को दंत्य अधिधारण कहते हैं।

मुझे किस तरह की समस्याएं हो सकती हैं?

अगर आपके दांत समुचित तरीके से एक साथ फिट नहीं बैठते तो आपको न केवल स्वयं अपने दांतों में, बल्कि मसूड़ों, टेंपोरो-मैंडीबुलार जोड़ या आपके जबड़े को हिलाने वाली मांसपेशियों में भी समस्या उत्पन्न हो सकती है। इन समस्याओं को ‘ऑक्लुसल' समस्याएं कहा जाता है।

दांत

वे दांत जो कि कतार से बाहर हैं, बहुत अधिक घिस गये हैं या निरंतर टूट रहे हैं, फिलिंग्स जिनमें फ्रैक्चर है या क्राउन्स जो ढीले पड़ गए हैं, ये सभी ऑक्लुसल समस्याओं के लक्षण हो सकते हैं। इसके अलावा आपके दांत काटने के समय दुख सकते हैं या उनमें निरंतर दर्द रह सकता है।

मसूड़े

गलत काट के कारण ढीले-ढाले दांतों या पीछे हटते मसूड़ों की हालत और बदतर हो सकती है।

टीएमजे

आपके जबड़े के जोड़ों में खटखट, घर्षण या दर्द, आपके कानों में घंटी की आवाज और मुंह को खोलने या बंद करने में कठिनाई ये सब आपके दांतों के एक दूसरे के साथ समुचित तरीके से नहीं मिलने के चलते हो सकता है।

मांसपेशियां

अगर आपका जबड़ा गलत अवस्था में है तो जबड़े को हिलाने वाली मांसपेशियों को काफी सख्त काम करना पड़ता है और वे थक सकती हैं। यह मांसपेशी की ऐंठन को जन्म देता है। मुख्य लक्षण निरंतर सिरदर्द या माइग्रेन, खासकर सुबह उठते ही; आपकी आंखों के पीछे दर्द; साइनस का दर्द और आपकी गर्दन तथा कंधों में दर्द है। कई बार इससे पीठ की मांसपेशियां भी जुड़ी होती हैं।

मैं कैसे बता सकता हूँ कि मुझे कोई समस्या है?

बहुत से लोगों में दोषयुक्त अधिधारण होता है और उनके दांत उखड़े हुए होते हैं, फिर भी उनमें कभी भी लक्षण नजर नहीं आते क्योंकि वे अपनी समस्याओं के साथ समायोजन कर लेते हैं। कभी-कभार, बढ़े हुए दबाव और तनाव के समय में लक्षण नजर आ सकते हैं और फिर फौरन चले जाते हैं। अथवा, आपके दांत और मसूड़े तुरंत प्रभावित हो सकते हैं और सिरदर्द की बजाय आप निम्नलिखित से ग्रस्त हो सकते हैं:

  • चौरस, घिसे दांत
  • टूटे हुए दांत, फिलिंग्स और क्राउन्स
  • ढीले-ढाले दांत
  • तापमान में परिवर्तन के प्रति आपके दांतों की निरंतर संवेदनशीलता
  • किसी प्रकट कारण के बिना दांत दर्द

अगर आपको लगता है कि आपको इनमें से कोई समस्या है तो अपने दंत चिकित्सक से बात करें।

आप पाएंगे कि आप अपने दांतों को जकड़ते या पीसते हैं, हालांकि ऐसा करने वाले अधिकतर लोग इससे बेखबर होते हैं। कई बार ऐसा चिंता के कारण हो सकता है, लेकिन आमतौर पर अधिकतर लोग अपने दांतों को उस समय जकड़ते हैं, जब वे काम पर ध्यान केंद्रित कर रहे होते हैं - घर का काम, बागवानी, कार की मरम्मत, की-बोर्ज का उपयोग, इत्यादि।

सुबह उठने पर हो सकता है कि आपके जबड़े सख्त हों या एक साथ काटने पर दुखें। ऐसा आपके सोते समय आपके दांतों के घर्षण या पीसने के चलते हो सकता है। अपने दांतों को पीसने वाले अधिकतर लोग ऐसा तब करते हैं जब वे सो रहे होते हैं और हो सकता है कि उन्हें इसके बारे में पता न हो।

अगर आप तेज सिरदर्द या गर्दन और कंधे के दर्द से त्रस्त हैं तो हो सकता है कि आपने इसे जबड़े की संभावित समस्याओं से नहीं जोड़ा हो। अथवा, आप अपने कानों के इर्दगिर्द अपने चेहरे या जबड़े के जोड़ों की तरफ लगातार दर्द या बेचैनी होने को महसूस कर सकते हैं या आपको अपने जबड़े को हिलाने-डुलाने में दिक्कत आ सकती है। ये सभी टीएमजे समस्याओं के लक्षण हैं।

अगर आपके मुंह के पीछ के कुछ दांत उखड़े हुए हैं तो यह असंतुलित काट को जन्म दे सकता है, जो कि आपके दांतों पर असमान दबाव उत्पन्न कर सकती है।

इन सभी लक्षणों को एक साथ ‘टीएमजे सिंड्रोम' कहा जाता है।

ऑक्लुसल समस्याओं का उपचार किस प्रकार किया जाता है?

अपने दंत चिकित्सक को दिखायें। हो सकता है कि वे आपकी मदद करने में सक्षम हों या वे आपको ऐसे विशेषज्ञ के पास भेज सकते हैं जो कि ऑक्लुसल समस्याओं का उपचार करता हो।

आप में नजर आने वाले लक्षणों के आधार पर ऑक्लुसल समस्या के लक्षणों का पता लगाना संभव हो सकता है। परीक्षण किये जाने पर तमाम मांसपेशियाँ दुखती हुई हो सकती हैं, या आपके दांतों की टूटी और घिसी हुई जगहें आपको बताएंगी कि आप अपने दांतों को पीस रहे हैं, जो कि गलत काट का एक आम लक्षण होता है।

अगर आपका दंत चिकित्सक यह संदेह जाहिर करता है कि आपके लक्षण गलत काट के चलते हैं तो वे आपको प्लास्टिक का एक ऐसा सख्त उपकरण प्रदान करके समस्या को सुधारने में मदद कर सकते हैं, जो कि आपके ऊपरी और निचले दांतों में फिट बैठता है। इस उपकरण को एकदम सटीक ढंग से मापने और फिट करने की जरूरत होती है ताकि जब आप इस पर काटें तो आपके सभी दांत ठीक एक ही समय में ऐसी अवस्था में मिलें जिसमें आपकी मांसपेशियां शिथिल रहती हैं। हो सकता है कि आपको इसे हर समय या सिर्फ रात को पहनने की जरूरत पड़े। उपकरण अगर आपको आपके लक्षणों से राहत प्रदान करता है तो आपकी काट को स्थायी रूप से ठीक करने की जरूरत पड़ सकती है। कुछ मरीजों में राहत तुरंत मिल जाती है, जबकि दूसरे मरीजों में लंबा समय लग सकता है।

दांत का समायोजन (संतुलन बनाना)

आपके दांतों को सावधानीपूर्वक समायोजित किये जाने की जरूरत पड़ सकती है ताकि वे बराबरी से मिलें। आपके दांतों को निर्देशित करने वाले झुकावों की दिशा और अवस्था को एक साथ बदलने से अक्सर जबड़े को खिसकाने में मदद मिल सकती है।

दांतों को बदलना

टेंपोरो-मैंडिबुलार जोड़ को दोनों जबड़ों के दोनों ओर से बराबर सहारे की जरूरत पड़ती है। चबाने की क्रिया केवल तभी सही ढंग से काम करती है जब आपके सभी दांत मौजूद हों और वे सही अवस्था में हों। उखड़े हुए दांतों को या तो आंशिक नकली दांत से या फिर ब्रिज से रिप्लेस किये जाने की जरूरत होती है।

आपका दंत चिकित्सक प्रायः तब तक उखड़े हुए दांतों को रिप्लेस नहीं करेगा जब तक उन्हें यकीन न हो जाए कि आप ऑक्लुसल समस्याओं से ग्रस्त हैं। 
दवाई

कुछ मामलों में दवाइयां मदद कर सकती हैं, लेकिन यह प्रायः अस्थायी होता है। इसके अलावा, हार्मोन प्रतिस्थापना उपचार भी कुछ महिलाओं में मदद कर सकता है।

खुराक और व्यायाम

जैसा कि जोड़ के किसी दर्द के साथ होता है, जोड़ पर कम दबाव डालने में मदद मिल सकती है। अतः मुलायम खुराक मददगार हो सकती है, और इसी तरह से शोधक व्यायामों और गर्मी प्रदान करने से भी मदद मिल सकती है। फिजियोथेरेपी व्यायाम भी अक्सर मददगार होते हैं और आपकी दंत टीम आपको कुछ व्यायाम करके दिखा सकती है।

विश्राम

कुछ मामलों में परामर्श और विश्राम उपचार मदद कर सकता है। ये प्रविधियां तनावपूर्ण स्थितियों से और अधिक अवगत होने और तनाव को नियंत्रित रखने में रोगी की मदद करती हैं।

क्या मेरे दांतों को सीधा करने से मदद मिलेगी?

अगर आपके दांत कतार से बहुत अधिक बाहर निकले हुए हैं या काट की बिल्कुल गलत अवस्था में हैं, तो आपको उन्हें बेहतर अवस्था में लाने के लिए दंत-संशोधक उपकरण (ब्रेस) लगवाने की जरूरत पड़ सकती है।

इन समस्याओं से कितने लोग त्रस्त हैं?

चार में से एक व्यक्ति में कुछ लक्षण हो सकते हैं। पुरुष और स्त्रियां दोनों ही बराबर मात्रा में प्रभावित होते हैं, हालांकि स्त्रियां पुरुषों के मुकाबले उपचार कराने की ओर अधिक उन्मुख होती हैं। ये लक्षण प्रायः रजोनिवृत्ति या हार्मोन संबंधी अन्य परिवर्तनों के साथ प्रकट हो सकते हैं।