दांतो को उजला करना यानि दंत श्वेतन क्या है?

दंत श्वेतन दांत की किसी भी सतह को निकाले बिना आपके दांतों के स्वाभाविक रंग को चमकाने का बहुत प्रभावी तरीका हो सकता है। यह रंग को पूरी तरह से तो नहीं बदल सकता लेकिन यह मौजूदा आभा को चमकदार बना सकता है।

मुझे इस बात की आवश्यकता क्यों पड़ेगी कि मेरे दांत उजले हों?

आप अपने दांतों को क्यों चमकवाएंगे इसके अनेक कारण हो सकते हैं। हर शख्स जुदा-जुदा होता है; और जैसा कि हमारे बाल और त्वचा का रंग अलग-अलग होता है, इसी प्रकार से हमारे दांत भी भिन्न-भिन्न होते हैं। बहुत कम लोगों के उजले-चमकदार दांत होते हैं, और उम्र बढ़ते जाने के साथ हमारे दांत भी ज्यादा बदरंग हो सकते हैं।

चाय, कॉफी, लाल वाइन और काले अंगूर की तरह के खाद्य और पेय पदार्थों के कारण आपके दांतों की सतह दागदार हो सकती है। धूम्रपान के कारण भी दांतों पर दाग पड़ सकते हैं।

‘पथरी' या तातार भी आपके दांतों के रंग को प्रभावित कर सकती है। कुछ लोगों के दांतों पर सतह के नीचे दाग हो सकते हैं, जो कि कुछ एंटीबॉयोटिक्स या दांतों में हल्की दरारों के कारण हो सकते हैं, जिससे धब्बे बन जाते हैं।

दांतो को उजला करने में क्या किया जाता है?

पेशेवर ब्लीचिंग दांतों को उजला बनाने का सर्वाधिक आम स्वरूप है। आपकी दंत टीम विशेष रूप से निर्मित ट्रे का उपयोग करके आपके दांतों पर श्वेतक उत्पाद लगाएगी, जो कि आपके मुंह में माउथगार्ड की भांति फिट हो जाता है। उत्पाद के ‘सक्रिय घटक’ प्रायः हाइड्रोजन पेराक्साइड या कार्बामाइड पेराक्साइड होते हैं। जैसे-जैसे सक्रिय घटक छिन्न-भिन्न होते हैं, वैसे-वैसे दांतों की ऊपरी परत को ऑक्सीजन प्राप्त होती है और दांतों का रंग पहले से उजला हो जाता है। एक बार जब आपकी दंत टीम इस उपचार को शुरू कर देती है तो आपको घर ले जाने और उपचार को जारी रखने के लिए ट्रे दी जा सकती है अथवा आपको टीम के साथ और अधिक मुलाकातों की जरूरत पड़ सकती है। इस उपचार में इस बात के आधार पर 3 से 4 हफ्तों का समय लग सकता है कि हर बार ट्रे को आप कितनी देर तक अपने मुंह में रखते हैं और आप अपने दांतों को कितना उजला बनाना चाहते हैं। यह याद रखना जरूरी है कि केवल स्वाभाविक दांत ही सफेद होंगे और यह कि कोई आपके द्वारा लगवाये गये क्राउन्स, ब्रिजेस या नकली दांतें उनकी पहली वाली आभा में बनी रहेंगी।

इसमें कितना समय लगता है?

कुल उपचार प्रायः तीन से चार हफ्तों के भीतर संपन्न किया जा सकता है। सबसे पहले, आपको दंत-चिकित्सक के पास दो या तीन बार जाने की जरूरत पड़ेगी। आपकी दंत टीम को माउथ गार्ड बनाने की जरूरत पड़ेगी और पहली मुलाकात के समय इसके लिए नाप लेगा। एक बार जब आपकी दंत टीम उपचार शुरू कर देती है तो आपको घर पर उपचार को जारी रखने की जरूरत पड़ेगी। तात्पर्य यह कि आपको एक बार में 30 मिनट से घंटे भर के लिए दो से चार हफ्तों के दौरान श्वेतक उत्पाद को नियमित रूप से लगाना होगा।

तथापि, अब ऐसे कुछ नये उत्पाद उपलब्ध हैं, जिन्हें कि एक बार में आठ घंटों तक लगाया जा सकता है। यानि आप एक हफ्ते जितने कम समय में संतोषजनक परिणाम प्राप्त कर सकते हैं।

और कौन सी कार्यविधियां उपलब्ध हैं?

अब लेजर श्वेतन या ‘पॉवर श्वेतन’ उपलब्ध है। इस कार्यविधि के दौरान मसूड़ों की रक्षा करने के लिए रबड़ के बांध को आपके दांतों के ऊपर रखा जाता है और ब्लीचिंग उत्पाद को आपके दांतों के ऊपर पेंट किया जाता है। इसके बाद रसायन को सक्रिय करने के लिए दांतों के ऊपर रोशनी या लेजर को फेंका जाता है। रोशनी श्वेतक उत्पाद की अभिक्रिया को तेज करती है और रंग में परिवर्तन को तेजी से हासिल किया जा सकता है। लेजर श्वेतक के बारे में कहा जाता है कि यह दांतों की आभा को पांच या छह गुना ज्यादा चमकदार बना देता है।

दंत श्वेतन से कौन सी चीज जुड़ी होती है?

पेशेवर ब्लीचिंग दंत श्वेतन का सर्वाधिक आम तरीका है। आपकी दंत टीम आपको बताएगी कि क्या आप उपचार के लिए उपयुक्त हैं, और अगर आप उपयुक्त होंगे तो इसकी देखरेख करेगी। सबसे पहले दंत चिकित्सकों की टीम आपके मसूड़ों की रक्षा करने के लिए उनके ऊपर रबड़ की शील्ड या जैल रखेगी। इसके बाद वे विशेष रूप से निर्मित ट्रे का उपयोग करते हुए आपके दांतों पर श्वेतक उत्पाद लगाएगी, जो कि आपके मुंह के ऊपर माउथ गार्ड की भांति फिट बैठता है।

उत्पाद में ‘सक्रिय घटक' प्रायः हाइड्रोजन पेराक्साइड या कार्बामाइड पेराक्साइड होता है। सक्रिय घटक जब विघटित होता है तो दांत की ऊपरी परत पर ऑक्सीजन लगती है और दांत का रंग चमकदार हो जाता है।

दंत श्वेतन पर कितना खर्च आएगा?

विभिन्न क्षेत्रों के अलग-अलग दंत चिकित्सा केंद्रों पर अलग-अलग खर्च आता है। पेशेवर ब्लीचिंग के मुकाबले लेजर या पॉवर श्वेतन ज्यादा महंगा होगा। हम इस बात की अनुशंसा करते हैं कि उपचार शुरू करने से पहले आप खर्च का लिखित अनुमान हासिल करें।

कितने दिनों तक मेरे दांत चमकीले बने रहेंगे?

माना जाता है कि श्वेतन का प्रभाव तीन वर्षों तक बना रहेगा। फिर भी, यह अलग-अलग व्यक्तियों में अलग-अलग होता है। अगर आप धूम्रपान करते हैं या ऐसे उत्पादों को खाते या पीते हैं, जो कि आपके दांतों को दागदार बना सकते हैं तो प्रभाव के कम समय तक बने रहने के आसार होते हैं। उपचार शुरू करने से पहले अपनी दंत टीम से उनकी राय पूछें।

इसके पार्श्व-प्रभाव कौन से हैं?

कुछ लोगों को लग सकता है कि उनके दांत उपचार के दौरान या उसके बाद ठंड के प्रति संवेदनशील हो गये हैं। दूसरे लोगों को मसूड़ों में तकलीफ हो सकती है, गले में दर्द हो सकता है या मसूड़े पर सफेद चकत्ते पड़ सकते हैं। ये लक्षण प्रायः अस्थायी होते हैं और इन्हें उपचार के समाप्त होने के कुछ दिनों के भीतर छू-मंतर हो जाना चाहिए। अगर इनमें से कोई भी पार्श्व-प्रभाव बने रहते हैं तो आपको अपने दंत चिकित्सक के पास जाना चाहिए।

होम व्हाइटनिंग (श्वेतक) किटों के बारे में क्या जानकारी देंगे?

पेंट ऑन व्हाइटनर्स और पट्टियाँ समेत अनेक होम व्हाइटनिंग किटें उपलब्ध हैं। ये कितनी प्रभावी हैं, यह इस बात पर निर्भर करता है कि उनमें व्हाइटनिंग एजेंट की मात्रा कितनी है।

अलग-अलग देशों में इनकी बिक्री पर अलग-अलग विनियम हैं और बाजार में उपलब्ध कुछ उत्पाद प्रभावी नहीं हैं। घर पर अपने दांतों को चमकाने की कोशिश करने से पहले हमेशा अपनी दंत टीम से सलाह प्राप्त करें।

श्वेतक दंतमंजनों के बारे में क्या जानकारी प्रदान करेंगे?

बाजार में बहुत से श्वेतक दंतमंजन उपलब्ध हैं। हालांकि वे आपके दांतों के कुदरती रंग को प्रभावित नहीं करते पर वे दाग-धब्बों को साफ करने में प्रभावी हो सकते हैं। लिहाजा, वे आपके दांतों की समग्र दिखावट को बेहतर बना सकते हैं। श्वेतक दंतमंजन आपके दांतों के पेशेवर तरीके से चमका दिये जाने के बाद इसके प्रभाव को बनाये रखने में मदद कर सकते हैं।

क्या ऐसे एकमात्र दांत को, जिसकी जड़ को भरा गया हो, चमकाया जा सकता है।

हां। कई बार मृतक दांत रूट फिलिंग के बाद बदरंग हो जाते हैं। दांत का अगर जड़ से उपचार किया गया है तो कैनाल (जिसमें कि तंत्रिका समाहित होती है) को फिर से खोला जा सकता है। श्वेतक उत्पाद को दांत को चमकाने के लिए अंदर से लगाया जाता है।

दंत श्वेतन कब काम शायद नहीं करता है?

दंत श्वेतन केवल आपके दांत के मौजूदा रंग को चमका सकता है। इसके अलावा यह केवल कुदरती दांतों पर काम करता है। यह नकली दांतों, क्राउन्स और सजावटी परतों की तरह के किसी भी प्रकार के ‘नकली' दांतों पर काम नहीं करेगा।

अगर आपके नकली दांत दाग-धब्बे से युक्त या बदरंग हैं तो अपनी दंत टीम के पास जाएं और उनसे उसे साफ करने के लिए कहें।

एक बार जब मेरे दांतों को चमका दिया जाता है तो उसके बाद मैं उनकी देखभाल किस प्रकार कर सकता हूँ?

आप ऐसे खाद्य और पेय पदार्थों की मात्रा में कमी लाकर अपने दांतों को सफेद बनाये रखने में मदद कर सकते हैं, जो कि दांत पर धब्बे डाल सकते हैं। मत भूलिये कि धूम्रपान बंद कर देने से भी दांतों को बदरंग होने और उन पर धब्बे पड़ने से रोका जा सकता है।

हम अपने दांतों की देखभाल करने के लिए निम्नलिखित उपयोगी सलाहों की अनुशंसा करते हैं:

  • आपको रात को सोते समय तथा दिन के दौरान और कम से कम एक बार अपने दांतों को फ्लोराइड दंतमंजन से साफ करना चाहिए।
  • आप चीनी-युक्त खाद्य और पेय पदार्थ जितनी बार लेते हैं, इसमें कमी ले आएं।
  • अपनी दंत टीम के पास जितनी बार वे बुलायें नियमित रूप से जाएं।