दंत-संशोधक उपचार क्या है?

दंत-संशोधक उपचार दांतों को सीधा करने या उन्हें गतिमान का एक तरीका है, जिससे दांतों की दिखावट को और जिस प्रकार से वे काम करते हैं उसे बेहतर बनाया जा सके। इसके अलावा यह काटने के दबाव को आपके सभी दांतों पर फैलाकर आपके दांतों, मसूड़ों और जबड़े के जोड़ों के दीर्घकालिक स्वास्थ्य की देखभाल करने में भी मदद कर सकता है।

मुझे दंत-संशोधक उपचार क्यों करवाना चाहिए?

बहुत से लोगों के दांत भरे हुए या टेढ़े-मेढ़े होते हैं। दंत संशोधक उपचार दांतों को सीधा करेगा या उन्हें बेहतर स्थिति में ले जाएगा। इससे उनकी दिखावट और जिस तरह से साथ मिलकर वे काटते हैं वह बेहतर बन सकता है, इसके साथ ही इससे उन्हें साफ करना अधिक आसान बन जाता है।

कुछ लोगों के ऊपर वाले दांत बाहर निकले हुए होते हैं और भद्दे नजर आते हैं। ‘बाहर निकले हुए' इन दांतों के क्षतिग्रस्त होने के अधिक आसार होते हैं, लेकिन दंत संशोधक उपचार से इन्हें वापस पीछे की ओर दंत रेखा पर ले जाया जा सकता है। अथवा, जिस तरह से ऊपरी और निचले जबड़े मिलते हैं उससे दांत भद्दे दिख सकते हैं और काटने के गलत तरीके को उत्पन्न कर सकते हैं। दंतसंशोधक उपचार से इन दोनों ही समस्याओं को ठीक किया जा सकता है।

दांत जब ठीक प्रकार से नहीं मिलते हैं तो इससे जबड़े की मांसपेशियों पर दबाव पड़ सकता है, इससे जबड़े और जोड़ की समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं और कई बार सिरदर्द हो सकता है। दंतसंशोधक उपचार अधिक बराबरी से काटने और दबाव को कम करने में आपकी मदद कर सकता है।

मुझे किस उम्र में दंत-संशोधक उपचार करवाना चाहिए?

आमतौर पर बचपन के दौरान उपचार करवाना सर्वश्रेष्ठ होता है, लेकिन वयस्क भी दंत-संशोधक उपचार करवा सकते हैं - और अधिकाधिक लोग ऐसा करवा रहे हैं। दांतों की सही संख्या होने के मुकाबले उम्र कम महत्वपूर्ण है। बच्चों में उपचार शुरू करवाने से पहले पर्याप्त संख्या में दांतों के निकलने का इंतजार करना आवश्यक हो सकता है।

दंत-संशोधक उपचार कौन करता है?

आपका दंत चिकित्सक दंत-संशोधक उपचार कर सकता है। अथवा वे आपको किसी ऐसे विशेषज्ञ के पास भेज सकते हैं, जिसके पास अतिरिक्त क्षमताएं हों। विशेषज्ञ दंत चिकित्सा केंद्र या अस्पताल के विभाग में हो सकता है और उसे ऑर्थोडौन्टिस्ट यानि दंत-संशोधक कहा जाता है।

इसमें क्या होता है?

सर्वाधिक महत्वपूर्ण चीज संपूर्ण जांच करवाना होता है। इसमें प्रायः आपके दांतों की जांच व एक्सरे की जाती है और आपके दांतों के प्लॉस्टर का नमूना तैयार किया जाता है। इसके बाद आपकी दंत टीम या दंत-संशोधक इस बात पर चर्चा करेगा कि कौन सा उपचार संभव है। एक बार जब आप आश्वस्त हो जाएं कि आप आगे बढ़ना चाहते हैं तो उपचार पर्याप्त मात्रा में स्थायी दांत होते ही शुरू हो सकता है।

क्या मुझे जगह बनाने के लिए दांतों को निकलवाने की जरूरत पड़ेगी?

हो सकता है कि आपके मुंह में आपके सभी स्थायी दांतों के लिए पर्याप्त जगह न हो। अगर ऐसा है, तो आपको जगह बनाने के लिए कुछ स्थायी दांतों को निकलवाने की जरूरत पड़ सकती है। अगर ऐसी स्थिति हुई तो आपकी दंत टीम आपको इसके बारे में बताएगी। कई बार उपचार के दूसरे रूपों का उपयोग करके जगह बनायी जा सकती है।

उपचार किस प्रकार से किया जाता है?

दंत-संशोधक उपचार कई प्रकार के उपकरणों द्वारा किया जा सकता है, जिसे कि अधिकतर लोग ‘ब्रेसेस’ कहते हैं।

हटाये जाने वाले ब्रेसेस किसे कहते हैं?

हटाये जाने वाले ब्रेसेस (एक ऐसी प्लेट जिसे कि साफ करने के लिए बाहर निकाला जा सकता है) के साथ सरल उपचार किया जा सकता है। इसके नाजुक तार और स्प्रिंग नत्थी होते हैं, जो कि हल्के दबाव द्वारा दांतों को हिलाते हैं।

स्थिर ब्रेसेस किसे कहते हैं?

प्रायः निकाले जा सकने वाले ब्रेसेस का उपयोग करके दांतों को जिस तरह निर्देशित किया जाता है, उससे ज्यादा सटीकता की जरूरत पड़ सकती है। इसलिए स्थिर ब्रेसेस का उपयोग किया जाता है। इसमें ब्रैकेट्स और बैंड्स होते हैं, जो कि अस्थायी रूप से दांतों से बंधे रहते हैं। एक लचीला तार सभी ब्रैकेटों को जोड़ता है और दांतों को हिलने देता है। आप स्वयं इस उपकरण को नहीं निकाल सकते हैं, इसलिए इसे स्थिर उपकरण कहा जाता है।

क्रियात्मक ब्रेसेस किसे कहते हैं?

जबड़ों के विकसित होने के तरीके को कई बार क्रियात्मक ब्रेसेस का उपयोग करके बदलना संभव होता है। यह आपके जबड़े की मांसपेशियों की शक्ति का उपयोग करके काम करता है और कुछ प्रकार की समस्याओं में मदद कर सकता है।

ब्रैकेट्स किस चीज से बने होते हैं?

स्थिर ब्रेसेस सदैव धातु के बने नहीं होते हैं। प्लास्टिक और सेरामिक का उपयोग किया जा सकता है, खासकर वयस्कों के लिए।

हेड गियर क्या होता है?

ब्रेसेस के साथ-साथ कुछ लोगों को हेड गियर पहनने की जरूरत पड़ती है। आपको इसे प्रायः शाम के समय या रात को पहनने की जरूरत पड़ती है। अगर आप इसे उस तरह से नहीं पहनते हैं, जिस तरह से बताया गया हो तो आपके दांत उपचार के अंत में बाहर की ओर निकल सकते हैं।

‘अदृश्य ब्रेसेस’ किसे कहते हैं?

वे कठोर, साफ प्लास्टिक के ‘अलाइनर्स' (ढांचे) होते हैं, जिनका उपयोग दांतों को सीधा करने के लिए किया जाता है। प्रत्येक रोगी के लिए विशेष रूप से गढ़े गये, थोड़े से भिन्न अलाइनरों के सेट बनाये जाते हैं। प्रत्येक सेट को अगले सेट से रिप्लेस किये जाने से पहले दो हफ्तों के लिए पहना जाता है। वे साफ प्लास्टिक से निर्मित होते हैं, इसलिए वे लगभग अदृश्य होते हैं। इसका अर्थ यह हुआ कि कोई यह नहीं जान पाएगा कि आप अपने दांतों को सीधा कर रहे हैं।

अलाइनरों को सर्वश्रेष्ठ परिणामों के लिए दिन में 22 से 23 घंटों तक पहनना चाहिए। उन्हें खाने, पीने, ब्रश करने और अपने दांतों के बीच में सफाई करने के लिए आसानी से निकाला जा सकता है। आप इस उपचार को करवा सकें इसके पहले जरूरी होता है कि आपके सभी वयस्क दांत निकल आये हों।

इलास्टिक्स किसे कहते हैं?

कई बार दांतों को हिलाने में मदद करने के लिए इलास्टिक के नाजुक बैंड्स स्थिर ब्रेसेस से जुड़े होते हैं। क्या आपको इलास्टिक्स की जरूरत है, इसके बारे में आपका दंत संशोधक आपको बताएगा।

इसमें कितना वक्त लगेगा?

उपचार में लगने वाला समय इस पर निर्भर करता है कि समस्या कितनी गंभीर है और इसमें कुछ महीनों से लेकर अढ़ाई वर्षों तक का समय लग सकता है। अधिकतर लोगों का उपचार एक से दो वर्ष में किया जा सकता है।

उस समय क्या होता है जब दांत सही अवस्था में आ जाते हैं?

उपचार के समाप्त हो जाने पर दांतों को कुछ समय तक ठीक अवस्था में रखना होता है। इसे "रोक रखने" की अवधि कहा जाता है, और जो उपकरण दांतों को उनकी जगह पर बनाये रखते हैं उन्हें रिटेनर्स कहा जाता है। रिटेनर्स नये-नये सीधे किये गये दांतों को ठीक अवस्था में रखते हैं, जबकि इर्दगिर्द के मसूड़े और हड्डी बैठ रही होती है। रिटेनर्स मूल समस्या के आधार पर हटाये जाने योग्य या स्थिर हो सकते हैं।

क्या इससे तकलीफ होगी?

सभी उपकरण शुरू-शुरू में अजीब लग सकते हैं, और बेचैनी पैदा कर सकते हैं। अगर समस्या दूर नहीं होती है तो दंत संशोधक सहायता करने के लिए समायोजन कर सकता है। ब्रेसेस को समायोजित किये जाने के फौरन बाद दांत प्रायः असहज होते हैं, लेकिन बाद में चलकर यह ठीक हो जाता है।

इसके लिए कितनी बार मुलाकातों के लिए जाना पड़ेगा?

दंत-संशोधक ब्रेसेस को प्रायः प्रत्येक 4 से 6 हफ्तों पर समायोजित करने की जरूरत पड़ती है। आपका दंत-संशोधक आपको यह बताएगा कि आपके ब्रेसेस को कब-कब समायोजित करने की जरूरत पड़ेगी।

यह कितना सफल होगा?

सफलता दंत संशोधक के कौशल और रोगी (और रोगी अगर बच्चा है तो माता-पिता) के उत्साह एवं सहयोग दोनों पर निर्भर करती है। दंत-संशोधक द्वारा उसके पास दिखाने जाने के संबंध में दिये गये किन्हीं निर्देशों का पालन करना जरूरी है।

इसके अलावा, उपचार की सफलता रोगी की प्रतिबद्धता पर भी निर्भर करती है। बच्चों के दंत-संशोधक उपचार के लिए यह बहुत जरूरी है कि रोगी भी माता-पिता जितना उत्सुक हो।

क्या दंत-संशोधक मेरे दांतों को क्षतिग्रस्त कर सकते हैं?

अगर आप उपचार के दौरान अपने दांतों का समुचित तरीके से देखभाल नहीं करते हैं तो वे क्षतिग्रस्त हो सकते हैं। स्वयं ब्रेसेस क्षति नहीं उत्पन्न करेंगे लेकिन खराब सफाई और चीनी-युक्त ढेर सारे खाद्य और पेय पदार्थ आपके दांतों को स्थायी क्षति पहुंचा सकते हैं। ब्रैकेट्स, वायर्स और ब्रेसेस के कारण भोजन के कतरे फंस सकते हैं और इसके कारण सामान्य से अधिक मात्रा में दांत की मैल जमा हो सकती है। इसलिए अपने दांतों और उपकरण को पूरी तरह से साफ करना जरूरी होता है।

क्या दंत संशोधक कार्य स्थायी होता है?

रोके रखने की अवधि के बाद भी, पूरे जीवन भर दांतों का थोड़ा-बहुत हिलना सामान्य है। इस तरह से कोई स्थायी गारंटी नहीं प्रदान की जा सकती। फिर भी, दांत प्रायः इतना अधिक नहीं बदलते कि और अधिक उपचार की आवश्यकता पड़े।

मैं दंत संशोधक उपचार किस प्रकार से प्राप्त कर सकता हूँ?

सबसे पहले, अपनी दंत टीम के पास जाएं और उनसे सलाह प्राप्त करें। दंत चिकित्सा टीम यह तय करेगी कि क्या आपको उपचार की जरूरत है और इसके लिए आवश्यक प्रबंध करेगी।

मैं अपने ब्रेसेस और दांतों की देखभाल किस प्रकार करूं?

जब आप दंत-शोधन उपचार प्राप्त कर रहे हों उस समय अपनी दंत टीम से अपने दांतों की जांच करवाते रहना जरूरी है। इसके अलावा, अपने दांतों और मुंह की अतिरिक्त देखभाल करते रहना भी जरूरी हैः

  1. हर दिन अपने दांतों की सावधानीपूर्वक सफाई करें, जहां तक कर सकें वहां अपने दांतों के बीच भी सफाई करें। ब्रेसेस नाजुक होते हैं इसलिए सुनिश्चित करें कि आप उनकी सावधानीपूर्वक सफाई करते हैं ताकि वे टूटें नहीं। आपके उपकरण के आधार पर आपकी दंत टीम उपयोग में लाने की विशेष प्रविधियां समझाएगी।
  2. मीठे खाद्य एवं पेय पदार्थों का बार-बार सेवन करने से बचें। चीनी-युक्त नाश्तों और पेय पदार्थों तथा बुलबुलेदार पेय पदार्थों का सेवन करने से बचें। इसके अलावा, चिपचिपे और सख्त खाद्य पदार्थ आपके ब्रेसेस को क्षतिग्रस्त कर सकते हैं।
  3. रात में सोते समय और दिन के समय कम से कम और एक बार अपने दांतों को ब्रश से अवश्य साफ करें। जरूरत पड़ने पर माउथवॉश का उपयोग करें। आपकी दंत टीम आपके उपयोग के लिए सशक्त फ्लोराइड दंतमंजन, या संभवतः फ्लोराइड जैल या माउथवॉश की अनुशंसा कर सकती है।