सुंदरता बढ़ाने वाली दंतचिकित्सा क्या है?

दंतचिकित्सा अब सिर्फ दांतों की फिलिंग और उन्हें उखाड़ना नहीं रह गयी है। आजकल, बहुत से लोग अपनी दिखावट को बेहतर बनाने के एक तरीके के रूप में सुंदरता बढ़ाने वाली दंतचिकित्सा, या ‘सौंदर्यात्मक दंतचिकित्सा’ की ओर उन्मुख हुए हैं। वे इसे उसी प्रकार से करते हैं जिस तरह से वे सुंदरता बढ़ाने वाली सर्जरी या यहां तक कि नयी केशसज्जा का उपयोग कर सकते हैं। उपचारों का उपयोग दांतों को सीधा करने, चमकाने, पुनः आकार देने और उनकी मरम्मत करने के लिए किया जा सकता है। सुंदरता बढ़ाने वाले उपचारों में सजावटी परत, क्राउन, ब्रिज, दांतों के रंग वाली फिलिंग्स, आरोपण और दांतों को चमकाना शामिल है।

सजावटी परत किसे कहते हैं?

सजावटी परतें चीनी मिट्टी की पतली फांकें होती हैं। ये आपके आगे के दांतों की नजर आने वाली सतह के ऊपर फिट बैठने के लिए सटीक तौर पर निर्मित होती हैं, जैसे कि नकली नाखून नाखून के ऊपर फिट बैठता है।

मेरे दांतों पर सजावटी परतें क्यों हो सकती हैं?

सजावटी परतें बदरंग या भद्दे दांतों का उपचार करने का एक आदर्श उपाय हैं, ये सामने के दांतों के फासलों को भरती हैं या चिप्स और दरारों की मरम्मत करती हैं।

सजावटी परतों को किस प्रकार फिट किया जाता है?

दांतों से उसकी ऊपरी परत की एक छोटी सी मात्रा को निकाला जाता है, प्रायः उसी मोटाई की जितनी मोटाई की ऊपरी परत होगी। दंत चिकित्सकों की टीम माप लेता है और डेंटल टेक्नीशियन के पास इसे भेज देता है, जो कि प्रयोगशाला में सजावटी परतों को बनाता है। इसके बाद सजावटी परत को मजबूत और स्वाभाविक रूप से दिखने वाली मरम्मत को निर्मित करने के लिए दांतों के साथ जोड़ दिया जाता है।

क्या मैं सफेद फिलिंग्स करवा सकता हूँ?

150 वर्षों से अधिक समय से मानक फिलिंग्स ‘पारदधातु मिश्रण (अमाल्गम)' कही जाने वाली चांदी के रंग की सलेटी सामग्री से बनायी जाती रही है। इसे फिलिंग्स के लिए सर्वाधिक मजबूत और सर्वाधिक टिकाऊ सामग्रियों में से माना जाता है। फिर भी, बहुत से लोगों को यह अनाकर्षक जान पड़ती है और कुछ लोग स्वास्थ्य के संभावित जोखिमों को लेकर चिंतित रहते हैं।

सफेद फिलिंग्स अब अमाल्गम फिलिंग्स का लोकप्रिय विकल्प है। नयी दंत्य सामग्री का अर्थ यह है कि किसी खास दांत की आभा के लिए उम्दा मिलान प्राप्त करना काफी आसान हो गया है। अधिकतर मामलों में, यह देखना एकदम असंभव होता है कि दांत में फिलिंग भी है। कई बार, फिलिंग की सफेद सामग्री का दांतों पर के भद्दे निशानों को ढंकने के लिए उसी प्रकार से उपयोग किया जा सकता है, जिस प्रकार से सजावटी परत का किया जाता है।

मेरे दांत बुरी तरह टूटे-फूटे हैं - मैं क्या कर सकता हूँ?

जब दांत बुरी तरह से टूटे-फूटे हों या बहुत अधिक भरे हों तो दंत चिकित्सक को उसे क्राउन या ‘कैप’ करने की जरूरत पड़ सकती है, जिससे कि उसकी दिखावट और मजबूती को बहाल किया जा सके।

दंत चिकित्सक किस प्रकार से क्राउन बनाते हैं?

क्राउन फिट करने की प्रायः अपनायी जाने वाली पद्धति है स्थानिक निश्चेतक के तहत दांतों को फिर से आकार देना और फिर रबड़ जैसी सामग्री में सांचा बनाना। इसके बाद दांत की आभा के विवरणों के साथ ढांचे को प्रयोगशाला में भेजा जाता है और फिर टेक्नीशियन क्राउन बनाता है।

क्राउन के बनाये जाते समय मेरे दांतों का क्या होता है?

जब आपका क्राउन बनाया जा रहा होता है तो तैयार दांत को अस्थायी क्राउन से सुरक्षित बनाया जा सकता है। इसे स्थायी क्राउन को फिट करने से ठीक पहले आसानी से निकाल दिया जाता है। अधिकतर मामलों में, अस्थायी क्राउन तकरीबन दो सप्ताहों तक लगा रहता है।

क्राउन किस चीज से बना होता है?

क्राउन्स चीनी मिट्टी या सोने से बंधी चीनी मिट्टी की तरह की विभिन्न सामग्रियों से बनाये जा सकते हैं। नयी सामग्रियों को निरंतर रूप से पेश किया जा रहा है। कौन सा क्राउन आपके लिए सर्वश्रेष्ठ होगा इस बारे में दंत चिकित्सकों से बात करना एक अच्छा विचार है।

मेरी दंत टीम मेरे मुंह में फासले को कैसे भरेगी?

दांत अगर उखड़ गया है या उसे बाहर निकालने की जरूरत है तो उसके द्वारा छोड़े गये फासले को भरने के अनेक तरीके हैं। कुछ मामलों में आपका जबड़ा जिस प्रकार से काटता है, उसे संतुलित करने के लिए उखड़े हुए दांत को रिप्लेस करना जरूरी है। अगर आपके अनेक दांत उखड़ चुके हैं तो बचे हुए दांतों पर अधिक दबाव होता है। इसकी वजह से फिलिंग्स टूट सकती हैं या यहां तक कि जबड़े में समस्या उत्पन्न हो सकती है।

उखड़े हुए दांतों को रिप्लेस करने के लिए आंशिक नकली दांत सबसे सरल तरीका है। फिर भी, कुछ लोगों को नकली दांत असहज जान पड़ती है और वे अंततः ब्रिजों और इंप्लांटों की तरह के विकल्पों पर गौर करने का निर्णय लेते हैं।

ब्रिज क्या है?

ब्रिजेस ऐसे लोगों के लिए अच्छे होते हैं जो कि नकली दांतों को पसंद नहीं करते और जिनके केवल कुछ दांत उखड़े हुए होते हैं। ब्रिजेस प्रायः फासले के दोनों तरफ के दांत पर क्राउन रखकर और मध्य में नकली दांत संलग्न करके बनाये जाते हैं। ब्रिज को निकाला नहीं जा सकता है। ब्रिजेस प्रायः चीनी मिट्टी से बंधी कीमती धातु से बने होते हैं। कई बार आधार में दूसरी गैर-कीमती धातुओं का उपयोग किया जाता है, ताकि उसे अतिरिक्त शक्ति प्रदान की जा सके।

अगर मैं नहीं चाहता कि मेरे बचे हुए दांतों को ड्रिल किया जाए तो मैं क्या करूं?

चेपक (एढ़ीसिव) ब्रिजेस फासले को पाटने का एक दूसरा तरीका है, इससे दांत के कम हिस्से को निकलवाने की जरूरत पड़ती है। ये ब्रिजेस नकली दांतों से बने होते हैं, जिनके दोनों किनारे पर धातु के ‘पंख’ होते हैं। ये पंख दोनों तरफ से दांतों को बांधने के लिए बने होते हैं और इसके लिए बहुत कम ड्रिलिंग की जरूरत पड़ती है। इसकी बजाय, दांतों को खुरदरा बनाया जाता है और बहुत ही मजबूत यौगिक राल यामि रेज़िन का उपयोग करके ब्रिजेस को फिट किया जाता है।

क्या उखड़े हुए दांतों को रिप्लेस करने के लिए आरोपणों का उपयोग किया जा सकता है?

आरोपण नकली दांतों और ब्रिजों का विकल्प होते हैं, लेकिन वे ज्यादा महंगे होते हैं। आरोपण टाइटैनियम की छड़ें होती हैं, जिन्हें कि सर्जरी के जरिये जबड़े की हड्डी में रखा जाता है और ये नकली दांतों या क्राउनों को कसकर बांधने के लिए सहारा देने का काम करती हैं।

क्या मैं अपने दांतों के रंग को चमका सकता हूँ?

हां। दंत श्वेतक दांतों की सतहों को निकाले बिना अपने दांतों के स्वाभाविक रंग को चमकाने का अत्यधिक प्रभावी तरीका हो सकता है। यह रंग को तो पूरी तरह से नहीं बदल सकता लेकिन यह मौजूदा आभा को और हल्का बना सकता है।

दांतो को उजला करने में क्या किया जाता है?

पेशेवर ब्लीचिंग दांतों को उजला बनाने का सर्वाधिक आम स्वरूप है।

आपकी दंत टीम विशेष रूप से निर्मित ट्रे का उपयोग करके आपके दांतों पर श्वेतक उत्पाद लगाएगी, जो कि आपके मुंह में माउथगार्ड की भांति फिट हो जाता है।

उत्पाद के ‘सक्रिय घटक' प्रायः हाइड्रोजन पेराक्साइड या कार्बामाइड पेराक्साइड होते हैं। जैसे-जैसे सक्रिय घटक छिन्न-भिन्न होते हैं, वैसे-वैसे दांतों की ऊपरी परत को ऑक्सीजन प्राप्त होती है और दांतों का रंग पहले से उजला हो जाता है।

एक बार जब आपकी दंत टीम इस उपचार को शुरू कर देती है तो आपको घर ले जाने और उपचार को जारी रखने के लिए ट्रे दी जा सकती है अथवा आपको टीम के साथ और अधिक मुलाकातों की जरूरत पड़ सकती है। इस उपचार में इस बात के आधार पर 3 से 4 हफ्तों का समय लग सकता है कि हर बार ट्रे को आप कितनी देर तक अपने मुंह में रखते हैं और आप अपने दांतों को कितना उजला बनाना चाहते हैं।

यह याद रखना जरूरी है कि केवल स्वाभाविक दांत ही सफेद होंगे और यह कि कोई आपके द्वारा लगवाये गये क्राउन्स, ब्रिजेस या नकली दांतें उनकी पहली वाली आभा में बनी रहेंगी।

दांतों को उजला बनाने वाली और कौन सी कार्यविधियां हैं?

अब लेजर वाइटनिंग (उजला बनाना) या ‘पॉवर वाइटनिंग’ भी उपलब्ध है। इस उपचार के दौरान रसायन को सक्रिय करने के लिए रोशनी या लेजर दांतों पर फेंकी जाती है। यह रोशनी श्वेतक उत्पाद की रासायनिक अभिक्रिया को तेज कर देती है और आभा में परिवर्तन को अधिक तेजी से हासिल किया जा सकता है। लेजर श्वेतक दांतों की आभा को पांच से छह गुना उजला बना सकते हैं। इस उपचार में प्रायः एक घंटे का समय लगता है और इस काम को केवल दंत चिकित्सकों की टीम के द्वारा ही किया जाना चाहिए।

गलत काट किसे कहते हैं?

ऐसा तब होता है जब दांत आपस में सही तरीके से नहीं मिलते हैं या शेष चेहरे के साथ संतुलन में नहीं होते हैं अथवा दांत उखड़ गये होते हैं और उन्हें रिप्लेस नहीं किया गया होता है।

अगर इसका उपचार नहीं किया जाता तो क्या हो सकता है?

अगर गलत काट का उपचार नहीं किया जाता है तो चेहरा ‘ढह’ सकता है। इसके कारण चेहरा बैठ सकता है, ठुड्डी बाहर की ओर निकल सकती है अथवा मुस्कराहट झुक सकती है। इसकी वजह से यहां तक कि सिरदर्द, गर्दन में दर्द और शरीर के अन्य हिस्सों में दर्द हो सकता है।

इसका उपचार किस प्रकार से किया जा सकता है?

क्राउन्स, सजावटी परतों और दंत संशोधन (ब्रेसेस) समेत बहुत से उपचार उपलब्ध हैं। अपनी दंत टीम से पूछें कि कौन सा उपचार आपके लिए सर्वाधिक उपयुक्त है। शुरुआत करने से पहले खर्च के मूल्य का अनुमान और उपचार की लिखित योजना मांगें।

क्या मेरे टेढ़े-मेढ़े या मुड़े हुए दांत सीधे हो सकते हैं?

दांतों को दंत-संशोधक (ब्रेसेस) से सीधा किया जा सकता है। इस काम को प्रायः किशोरावस्था के वर्षों के दौरान किया जाता है, जबकि जबड़े अभी विकसित हो रहे होते हैं। फिर भी, बहुत से वयस्क भी अपने टेढ़े-मेढ़े दांतों को सीधा करवाने के लिए अथवा अपनी दिखावट को बेहतर बनाने के लिए उपचार करवाते हैं। वयस्कों में इस उपचार में काफी लंबा समय लग सकता है और इस वजह से ज्यादा महंगा होता है।

कुछ लोगों में साफ या प्लास्टिक के ब्रेसेस लगे होते हैं, जो कि शायद ही नजर आते हों। अगर आप दंत संशोधन उपचार पर विचार कर रहे हैं तो सबसे पहले अपनी दंत टीम को दिखाएं और उसकी सलाह प्राप्त करें। आपकी दंत टीम आपके उपचार के विकल्पों के बारे में आपसे बात करेगी और अगर आवश्यक हुआ तो आपको दंत-संशोधक के पास भेज देगी, जो कि ऐसा दंत चिकित्सक होता है जो दांतों को सीधा कर सकता है।

अब ‘अदृश्य' ब्रेसेस भी उपलब्ध हैं। आपका दंत चिकित्सक आपके लिए साफ प्लास्टिक के कवचों की एक श्रृंखला का निर्माण करेगा, जिसे कि सारे दिन पहनने की जरूरत होती है और धीरे-धीरे आपके दांत एक नयी अवस्था में आ जाएंगे।

क्या दंत-संशोधन का कोई विकल्प है?

दांतों की दिखावट को बेहतर बनाने के लिए कॉस्मेटिक कॉन्टूरिंग की जा सकती है। अगर आपके दांत अनियमित आकार के और थोड़ा एक दूसरे पर चढ़े होते हैं तो यह सर्वोत्तम होता है।

फिर भी, दांतों पर कॉन्टूरिंग करने से उसकी ऊपरी परत की छोटी सी मात्रा खत्म हो जाएगी। कॉन्टूरिंग आपके मसूड़ों की आकृति और दिखावट को बेहतर बनाने के लिए भी किया जा सकता है। इन उपचारों की अनुशंसा छोटे बच्चों के लिए नहीं की जाती।

दांतों का आभूषण किसे कहते है?

दांतों का आभूषण दंत्य सीमेंट का उपयोग करके दांतों के ऊपर छोटे-छोटे रत्नों को चिपकाना होता है। इन्हें दंत चिकित्सक द्वारा फिट किया जाना चाहिए ताकि आवश्यक होने पर आसानी से निकाल दिए जाएं। यह जरूरी है कि रत्न के आसपास की जगह को साफ रखा जाए क्योंकि उसके इर्दगिर्द दांत की मैल आसानी से जमा हो सकती है जिससे आपके दांतों में सड़न होने के आसार बढ़ जाएंगे।